स्पेन के सर्जन ने विश्व में पहली बार दोनों पैरों का ट्रांसप्लांटेशन किया है। यह दुर्लभ ऑपरेशन उस व्यक्ति का किया गया, जिसके दोनों पैर एक दुर्घटना के बाद घुटने के ऊपर से काट दिए गए थे। इस ऑपरेशन से दुनिया भर के उन लाखों लोगों के लिए उम्मीद की एक किरण जगी है, जिनके अंग किसी दुर्घटना के कारण काटने पड़े हैं।
किसी अन्य व्यक्ति से मिले पैरों का दूसरे व्यक्ति में ट्रांसप्लांट करने का यह पहला मामला है। वेलेंसिया के हेल्थ अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर पेड्रो कवाडेस के नेतृत्व में डॉक्टरों के दल ने रात भर यह ऑपरेशन किया। पहले इस व्यक्ति को आर्टिफ़िशल पैर लगाए गए थे, लेकिन उनके असुविधाजनक होने की वजह से वह व्हील चेयर के सहारे जीने को मजबूर हो गया था।
वेलेंसिया के ला फे अस्पताल में ऑपरेशन के बाद हेल्थ अधिकारी ने एक बयान में बताया कि विश्व में पहली बार इस तरह का कोई ट्रांसप्लांट किया गया है। ' द डेली टेलीग्राफ ' की खबर के अनुसार, अभी तक दान करने वाले और मरीज दोनों के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। हालांकि, स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारियां बाद में देने का भरोसा दिलाया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें