जंतर-मंतर पर भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ किसानों के साथ प्रदर्शन कर रहे स्वराज अभियान के सदस्य और आम आदमी पार्टी से बाहर किए गए योगेंद्र यादव को सारी रात पुलिस हिरासत में गुजारनी पड़ी। योगेंद्र ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने हिरासत में उनके साथ अभद्रता और मारपिटाई की। उनके साथ करीब 90 साथियों को भी हिरासत में लिया गया था।
सुबह संसद मार्ग थाने में योगेंद्र यादव ने जब मीडिया से बात करने की कोशिश की तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया। योगेंद्र यादव का संगठन स्वराज अभियान भूमि अधिग्रहण बिल का विरोध कर रहा है। इसी के तहत ये लोग जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे। रैली में शामिल लोग जब प्रधानमंत्री आवास की ओर जाने की कोशिश करने लगे तो पुलिस ने इन लोगों को हिरासत में ले लिया।
कभी योगेंद्र यादव के करीबी रहे और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके दिल्ली पुलिस की निंदा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने योगेंद्र यादव जी के साथ जिस तरह का बर्ताव किया मैं उसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। वे शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। यह उनका मौलिक अधिकार है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें