लोकसभा चुनाव के लिए सीटों की पेशकश सम्मानजनक नहीं : कुशवाहा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 17 नवंबर 2018

लोकसभा चुनाव के लिए सीटों की पेशकश सम्मानजनक नहीं : कुशवाहा

offer-not-respectfull-kushwaha
पटना, 17 नवम्बर, राजग के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी को सीटों की जो पेशकश की है, वह ‘‘सम्मानजनक नहीं’’ है।  कुशवाहा ने रालोसपा को पेशकश की गई सीटों की संख्या का खुलासा तो नहीं किया, पर उन्होंने कहा कि बिहार में राजग के घटक दलों द्वारा 30 नवंबर तक सीट बंटवारा समझौते पर पहुंचने से पहले वह इस बारे में नहीं बोलेंगे।  केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री कुशवाहा ने यहां रालोसपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए यह कहा।  कुशवाहा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक हालिया टिप्पणी से नाराज हैं। कुमार जदयू के अध्यक्ष भी हैं।  कुमार ने बिहार में राजग के साझेदारों के बीच सीट बंटवारे के मुद्दे में कुशवाहा के साथ शामिल होने से इनकार करते हुए कहा था, ‘‘इतना नीचे बात को नहीं ले जाइए।’’  समझा जाता है कि कुशवाहा ने इस बयान में शामिल शब्द - "नीचे" को अपने लिए अपमान के तौर पर देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी उन्हें नीच व्यक्ति कहने के समान थी। रालोसपा प्रमुख ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर निशाना साधते हुये कहा कि वह कुमार का बचाव कर रहे हैं। इससे संकेत मिलता है कि गठबंधन में वह अकेले पड़ते जा रहे हैं।  इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मैं अब भी राजग में हूं।" इस मुद्दे पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलने के कुशवाहा के प्रयास अब तक सफल नहीं हुए हैं। ऐसे में, उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री को छोड़ कर किसी अन्य भाजपा नेता से बात करने की कोशिश नहीं करेंगे। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। भाजपा और जदयू ने बराबर संख्या में सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। बिहार में राजग का चौथा साझेदार केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान नीत लोक जनशक्ति पार्टी है।

कोई टिप्पणी नहीं: