विशेष : सावन, सोमवार, शिवलिंग और महादेव की महिमा है अनंत - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 7 जुलाई 2023

विशेष : सावन, सोमवार, शिवलिंग और महादेव की महिमा है अनंत

भगवान को सावन यानी श्रावण का महीना बेहद प्रिय है। ऐसी मान्यता है कि इस महीने में खासकर सोमवार के दिन व्रत-उपवास और पूजा पाठ (रुद्राभिषेक, कवच पाठ, जाप इत्यादि) का विशेष लाभ होता है। वैसे भी सोमवार का अंक 2 (पहला रविवार और दूसरा सोमवार) होता है जो चन्द्रमा का प्रतिनिधित्व करता है। चन्द्रमा मन का संकेतक है और वह भगवान शिव के मस्तक पर विराजमान है। चंद्रमा मनसो जातः यानी चंद्रमा मन का मालिक है और उसके नियंत्रण और नियमण में उसका (चंद्रमा का) अहम योगदान है। यानी भगवान शंकर शिव के मस्तक पर चंद्रमा को नियंत्रित कर उक्त साधक या भक्त के मन को एकाग्रचित कर उसे अविद्या रुपी माया के मोहपाश से मुक्त कर देते हैं। भगवान शंकर की कृपा से भक्त त्रिगुणातीत (सत, रज और तम गुण) भाव को प्राप्त करता है और यही उसके जन्म-मरण से मुक्ति का आधार बनता है। यही वजह है कि सनातन धर्म में यह महीना बेहद पवित्र माना जाता है 

Sawan-somwar-mahadev
भगवान शंकर की पूजा के लिए सर्वश्रेष्ठ दिन है सावन का प्रत्येक सोमवार। वैसे भी सोमवार चंद्रदेव को समर्पित है व भगवान शंकर को चंद्रशेखर भी कहा जाता है। कहते है इस महीने में किए गए सोमवार व्रत का फल बहुत जल्दी मिलता है। खासकर रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय, सत्यनारायण व्रत कथा अनुष्ठान से रोगों का निवारण, सुख, समृद्धि और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। इस महीने मानव शरीर में ऊर्जा सहज ही ऊपर की ओर चढ़ती है। कोई भी इंसान चाहे वो ज्ञानी हो या अज्ञानी, संत हो या पापी, कोई ऋषि हो या फिर ठग, अगर वो अपनी रीढ़ सीधी रखकर, इस महीने सचेत और जागरूक रहे तो वह अपनी पूर्णता की ओर कदम बढ़ा सकता है। मांसाहार करने वाले लोग भी इस मास में मांस का परित्याग कर देते है। सावन के महीने में सबसे अधिक बारिश होती है जो शिव के गर्म शरीर को ठंडक प्रदान करती है। भगवान शंकर ने स्वयं सनतकुमारों को सावन महीने की महिमा बताई है कि मेरे तीनों नेत्रों में सूर्य दाहिने, बांये चन्द्र और अग्नि मध्य नेत्र है। जब सूर्य कर्क राशि में गोचर करता है, तब सावन महीने की शुरुआत होती है। सूर्य गर्म है जो उष्मा देता है जबकि चंद्रमा ठंडा है जो शीतलता प्रदान करता है। इसलिए सूर्य के कर्क राशि में आने से झमाझम बारिश होती है। जिससे लोक कल्याण के लिए विष को पीने वाले भोले को ठंडक व सुकून मिलता है। इसलिए शिव का सावन से इतना गहरा लगाव है। इस माह किया गया जलाभिषेक, रुद्राभिषेक का बड़ा महत्व है। वेद मंत्रों के साथ भगवान शंकर को जलधारा अर्पित करना साधक के आध्यात्मिक जीवन के लिए महाऔषधि के सामान है। पांच तत्व में जल तत्व बहुत महत्वपूर्ण है। पुराणों में शिव के अभिषेक को बहुत पवित्र महत्व बताया गया है। जल में भगवान विष्णु का वास है, जल का एक नाम ‘नार‘ भी है। इसीलिए भगवान विष्णु को नारायण कहते हैं। जल से ही धरती का ताप दूर होता है। जो भक्त, श्रद्धालु भगवान शिव को जल चढ़ाते हैं उनके रोग-शोक, दुःख दरिद्र सभी नष्ट हो जाते हैं। भगवान शंकर को महादेव इसीलिए कहा जाता है क्योंकि वह देव, दानव, यक्ष, किन्नर, नाग, मनुष्य, सभी द्वारा पूजे जाते हैं। सावन मास में शिव भक्ति का पुराणों में भी उल्लेख मिलता है। पौराणिक कथाओं में वर्णन आता है कि इसी मास में समुद्र मंथन किया गया था। समुद्र मथने के बाद जो विष निकला उसे भगवान शंकर ने कंठ में समाहित कर सृष्टि की रक्षा की लेकिन विषपान से महादेव का कंठ नीलवर्ण हो गया। इसी से उनका नाम नीलकंठ महादेव पड़ा। विष के प्रभाव को कम करने के लिए सभी देवी-देवताओं ने उन्हें जल अर्पित किया। इसलिए शिवलिंग पर जल चढ़ाने का खास महत्व है। यही वजह है कि श्रावण मास में भोले को जल चढ़ाने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। शिवपुराण में उल्लेख है कि भगवान शिव स्वयं ही जल हैं। इसलिए जल से उनकी अभिषेक के रुप में अराधना का उत्तमोत्तम फल है जिसमें कोई संशय नहीं है-


संजीवनं समस्तस्य जगतः सलिलात्मकम्।

भव इत्युच्यते रूपं भवस्य परमात्मनः।।


Sawan-somwar-mahadev
अर्थात् जो जल समस्त जगत के प्राणियों में जीवन का संचार करता है वह जल स्वयं उस परमात्मा शिव का रूप है। इसीलिए जल का अपव्यय नहीं वरन उसका महत्व समझकर उसकी पूजा करना चाहिए। पुराणों में यह भी कहा गया है कि सावन के महीने में सोमवार के दिन शिवजी को एक बिल्व पत्र चढ़ाने से तीन जन्मों के पापों से मुक्ति मिलती है। इसलिए इन दिनों शिव की उपासना का बहुत महत्व है। खास यह है कि सावन के चारों सोमवार का व्रत और पूजन से न सिर्फ भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद मिलेगा, बल्कि भक्त हो जायेंगे मालामाल। वैसे भी सावन वो महीना है जिसमें भगवान शंकर यानी भक्ति की ऐसी अविरल धारा है जहां हर हर महादेव और बम बम भोल की गूंज से कष्टों का निवारण होता है। मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। यूं तो भगवान शंकर की पूजा के लिए सोमवार का दिन पुराणों में निर्धारित किया गया है। लेकिन पौराणिक मान्यताओं में भगवान शंकर की पूजा के लिए सर्वश्रेष्ठ दिन महाशिवरात्रि, उसके बाद सावन के महीने में आने वाला प्रत्येक सोमवार, फिर हर महीने आने वाली शिवरात्रि और सोमवार है। ज्योतिर्विद रामदुलार उपाध्याय का कहना है कि इस बार सावन में ग्रहों की स्थिति सामान्य है। वृहस्पति और शनि दोनों वक्री हैं। अमूमन इस समय दोनों ग्रह वक्री होते हैं। लेकिन वृहस्पति कुंभ राशि में हैं जो शुभ नहीं माना जाता है। भक्तों को अपना ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी पूजा होती है मानसिक पूजा। भगवान शिव को किसी भी तरीके से अभिषेक पसंद है। यदि किसी भी तरह से घर में भी शिवलिंग बनाकर दूध, जल, गन्ना रस आदि से अभिषेक करते हैं तो भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और मनोवांछित फल मिलता है। यदि मंदिर में जाने में असुवधि हो या कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन होता हो तो घर में ही पूजा करें। उन्होंने बताया कि सावन के महीने में प्रत्येक दिन भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया जाता है। सावन में सोमवार का विशेष महत्व है। कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष दोनों पक्षों में शिव वास का भी अलग महत्व है। सावन का प्रथम शिव वास 25 जुलाई को प्रातः 6 बजे तक है। उसी दिन भगवान शिव को जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो जाएगा। पहला सोमवार 26 जुलाई को है। 22 अगस्त को रक्षाबंधन का मुहूर्त सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक है।


पशु पक्षियों में भी होता है नव चेतना का संचार

श्रावण का सम्पूर्ण मास मनुष्यों में ही नही अपितु पशु पक्षियों में भी एक नव चेतना का संचार करता है। इस मौसम में प्रकृति अपने पुरे यौवन पर होती है। रिमझिम फुहारे साधारण व्यक्ति को भी कवि हृदय बना देती है। सावन में मौसम का परिवर्तन होने लगता है। प्रकृति हरियाली और फूलो से धरती का श्रुंगार कर देती है, परन्तु धार्मिक परिदृश्य से सावन मास भगवान शिव को ही समर्पित रहता है। मान्यता है कि शिव आराधना से इस मास में विशेष फल प्राप्त होता है। इस महीने में हमारे 8 ज्योतिर्लिंगों की विशेष पूजा, अर्चना और अनुष्ठान की बड़ी प्राचीन एवं पौराणिक परम्परा रही है। रुद्राभिषेक के साथ साथ महामृत्युंजय का पाठ तथा काल सर्प दोष निवारण की विशेष पूजा का महत्वपूर्ण समय रहता है। यह वह मास है जब कहा जाता है जो मांगोगे वही मिलेगा। भोलेनाथ सबका भला करते है।


पौराणिक मान्यताएं

हिंदू धर्म में सावन का महीना काफी पवित्र माना जाता है। इसे धर्म-कर्म का माह भी कहा जाता है। सावन महीने का धार्मिक महत्व काफी ज्यादा है। यही वह है कि बारह महीनों में से सावन का महीना विशेष पहचान रखता है। इस दौरान व्रत, दान व पूजा-पाठ करना अति उत्तम माना जाता है। इससे कई गुणा फल भी प्राप्त होता है। इस महीने में ही पार्वती ने शिव की घोर तपस्या की थी और शिव ने उन्हें दर्शन भी इसी माह में दिए थे। तब से भक्तों का विश्वास है कि इस महीने में शिवजी की तपस्या और पूजा पाठ से शिवजी जल्द प्रसन्न होते हैं और जीवन सफल बनाते हैं। ऐसी मान्यता है कि प्रबोधनी एकादशी (सावन के प्रारंभ) से सृष्टि के पालन कर्ता भगवान विष्णु सारी जिम्मेदारियों से मुक्त होकर अपने दिव्य भवन पाताललोक में विश्राम करने के लिए निकल जाते हैं। वे अपना सारा कार्यभार महादेव को सौंप देते है। भगवान शिव पार्वती के साथ पृथ्वी लोक पर विराजमान रहकर पृथ्वी वासियों के दुःख-दर्द को समझते है। उनकी मनोकामनाओं को पूर्ण करते हैं, इसलिए सावन का महीना खास होता है। श्रावण मास हिंदी कैलेंडर में पांचवें स्थान पर आता हैं और इस ऋतु में वर्षा का प्रारंभ होता हैं। शिव जो को श्रावण का देवता कहा जाता हैं। उन्हें इस माह में भिन्न-भिन्न तरीकों से पूजा जाता हैं। पूरे माह धार्मिक उत्सव होते हैं। विशेष तौर पर सावन सोमवार को पूजा जाता हैं। भारत देश में पूरे उत्साह के साथ सावन महोत्सव मनाया जाता हैं।


सावन सोमवार व्रत का फल

सोमवार व्रत नियमित रूप से करने पर भगवान शिव तथा देवी पार्वती की अनुकंपा बनी रहती है। जीवन धन-धान्य से भर जाता है। सभी अनिष्टों का हरण कर भगवान शिव अपने भक्तों के कष्टों को दूर करते हैं। सावन माह में सोमवार के शिव की भक्ति के महत्व का वर्णन ऋग्वेद में किया गया है। चारों ओर का वातावरण शिव भक्ति से ओत-प्रोत रहता है। शिव मंदिरों में शिवभक्तों का तांता लगा रहता है। भक्तजन दूर स्थानों से जल भरकर लाते हैं और उस जल से भगवान का जलाभिषेक करते हैं। सावन के सोमवार के व्रत में भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा की जाती है। पुराणों और शास्त्रों के अनुसार सोमवार के व्रत तीन तरह के होते हैं। सावन सोमवार, सोलह सोमवार और सोम प्रदोष। शिव पूजा के बाद सोमवार व्रत की कथा सुननी आवश्यक है। मान्यता है कि सावन में पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग पर गंगा जल अर्पित करने से भगवान् शिव अति प्रसन्न होते हैं और मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। गौरतलब है कि बारह ज्योतिर्लिंगों में काशी विश्वनाथ का अहम् स्थान है मान्यता है कि बाबा को जल चढ़ाने से मुक्ति मिलती हैं। भक्त इस दौरान प्रवित्र गंगाजल, दूध-दही, बेलपत्र आदि से भगवान शिव की अर्चना करेंगे। इसके अलावा भोले बाबा को घी, शहद, जनेऊ, रोली, बेलपत्र, भांग, धतूरा और नैवेद्य से पूजा जाता है।


सोमवार व्रत कथा

एक बार सावन के महीने में अनेक ऋषि क्षिप्रा नदी में स्नान कर उज्जैन के महाकाल शिव की अर्चना करने हेतु एकत्र हुए। वह अभिमानी वेश्या भी अपने कुत्सित विचारों से ऋषियों को धर्मभ्रष्ट करने चल पड़ी। किंतु वहां पहुंचने पर ऋषियों के तपबल के प्रभाव से उसके शरीर की सुगंध लुप्त हो गई। वह आश्चर्यचकित होकर अपने शरीर को देखने लगी। उसे लगा, उसका सौंदर्य भी नष्ट हो गया। उसकी बुद्धि परिवर्तित हो गई। उसका मन विषयों से हट गया और भक्ति मार्ग पर बढ़ने लगा। उसने अपने पापों के प्रायश्चित हेतु ऋषियों से उपाय पूछा, वे बोले- ‘तुमने सोलह श्रृंगारों के बल पर अनेक लोगों का धर्मभ्रष्ट किया, इस पाप से बचने के लिए तुम सोलह सोमवार व्रत करो और काशी में निवास करके भगवान शिव का पूजन करो।’ वेश्या ने ऐसा ही किया और अपने पापों का प्रायश्चित कर शिवलोक पहुंची। ऐसा माना जाता है कि सोलह सोमवार के व्रत से कन्याओं को सुंदर पति मिलते हैं तथा पुरुषों को सुंदर पत्नियां मिलती हैं। बारह महीनों में विशेष है श्रावण मास, इसमें शिव की पूजा करने से प्रायः सभी देवताओं की पूजा का फल मिल जाता है। यही वजह है कि श्रावण महीने में हर सोमवार को शिवजी का व्रत या उपवास रखा जाता है। श्रावण मास में पुरे माह भी व्रत रखा जाता है। इस महीने में प्रत्येक दिन स्कन्ध पुराण के एक अध्याय को अवश्य पढना चाहिए। यह महीना मनोकामनाओ का इच्छित फल प्रदान करने वाला माना जाता है। पुरे महीने शिव परिवार की विशेष पूजा की जाती है।



Suresh-gandhi


सुरेश गांधी

वरिष्ठ पत्रकार

वाराणसी

कोई टिप्पणी नहीं: